सावन के पहले सोमवार को शिवनाथ नदी से जल लाकर श्रद्धालुओं ने किया भोलेनाथ का अभिषेक

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव सावन का शुभारंभ होने के साथ पहले सोमवार से शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू हो गई है। सोमवार को शिवनाथ नदी से जल लाकर कावड़ियों ने भगवान भोलेनाथ जल अर्पण कर पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की। जल लाने के लिए सुबह 4 बजे से ग्राम मोहारा में शिवनाथ नदी के तट पर शहर के अलावा दूर-दराज इलाकों से बड़ी संख्या में कावड़ियों का जत्था पहुंचा था। जिलेभर के शिवालयों में सुबह से देर शाम तक पूजा-पाठ का दौर जारी रहा। भक्तों की उपस्थिति बनी रही। उज्जैन की तर्ज पर बाबा महाकाल चंद्रमौलेश्वर की पहली शोभायात्रा शहर के नंदई हाट बाजार से सावन के पहले सोमवार को निकाली गई। शोभायात्रा में एक से बढ़कर एक बाजे-गाजे की प्रस्तुति दी गई। महाकाल के भक्त धार्मिक और पारंपरिक वेशभूषा धोती, कुर्ता में नजर आए। महाकाल भक्त नीलू शर्मा और पवन डागा ने बताया नंदई हाट बाजार, नंदई, इंदिरानगर में बासपाई पारा में दुर्गा चौक, गांधी चौक, महाकाल चौक, आजाद चौक, गुड़ाखु लाइन, गोल बाजार में भक्तों द्वारा शोभायात्रा का पुष्पों की वर्षा कर भव्य रूप से स्वागत किया गया। सत्यनारायण मंदिर में हरिहर मिलन हुआ सत्यनारायण मंदिर कामठी लाइन में हरिहर मिलन संपन्न हुआ और हमाल पारा के मां लक्ष्मी मंदिर में समापन हुआ। अब दूसरी यात्रा दूसरे सोमवार 21 जुलाई को क्लब चौक बसंतपुर से निकलेगी। खैरागढ़, डोंगरगांव, डोंगरगढ़, बोदेला, पार्रीकला में हर सोमवार को पालकी यात्रा निकाली जाएगी। पहली शोभायात्रा में विशाल झांकी, डमरू और झांझ की धून, धुमाल और बैंड में शिव जी के भजनों में भक्तों ने जमकर नृत्य किया। कलाकारों ने देवी और देवताओं की वेशभूषा धारण की थी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों की देर शाम तक उपस्थिति बनी रही। पहले सोमवार को मां पाताल भैरवी मंदिर में भक्तों का मेला लगा रहा। यहां पर स्थित भगवान भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा सहित 12 ज्योर्तिलिंगो का दर्शन करने बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। शिवनाथ नदी से जल लेकर तट पर स्थित भगवान शिव को अर्पण किया गया। इंदिरा सरोवर स्थित शिव मंदिर, शीतला मंदिर में विराजित भगवान शिव की आराधना हुई। शांतिनगर के शिवधाम मंदिर के अलावा अन्य मंदिरों में भक्तों ने शिव लिंग पर जल का अर्पण कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। भक्तों की सुविधा को ध्यान में रख मंदिर समितियों द्वारा विशेष इंतजाम किया गया था। अब सावन के दूसरे सोमवार 21 जुलाई को शिवनाथ नदी से जल लेकर कावंड़िए मां शीतला मंदिर पहुंचेंगे। इस यात्रा मे जीवनदान सेवा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र लाल जंघेल, प्रदेश महासचिव हरीश भानुशाली, प्रदेश उपाध्यक्ष अभय जंघेल, भारत भूषण वैष्णव, कोषाध्यक्ष अमर सिंह राजपूत, आनंद मुदंडा, जिलाध्यक्ष अविनाश जैन, उपाध्यक्ष अमित चौहान, शहर अध्यक्ष रिषभ मल्ल, महेश्वर जंघेल, यश साहू, रितेश साहू, चंदन साहू, राहुल साहू, सत्यम ओझा, शिवम ओझा, चेष्टा जंघेल, मिताली वर्मा, पूर्व जंघेल, अनुज मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *