छत्तीसगढ़ में 1.16 करोड़ के 2 इनामी नक्सली मारे गए:अबूझमाड़ से भागकर मोहला-मानपुर में छिपे थे, हथियार-शव बरामद; बीजापुर में ब्लास्ट से जवान जख्मी

छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी जिले में सुरक्षाबलों ने 2 नक्सलियों को मार गिराया है। दोनों पर 1 करोड़ 16 लाख का इनाम था। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और शव बरामद कर लिए हैं। मुठभेड़ बुधवार को मदनवाड़ा थाना इलाके में हुई। दोनों अबूझमाड़ से भागकर मोहला-मानपुर के जंगल में छिपे थे। मारे गए नक्सलियों की पहचान स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (DKSZCM) विजय रेड्डी और डिविजनल कमेटी सचिव (DVCS) लोकेश सलामे के रूप हुई है। विजय पर छत्तीसगढ़ में 25 लाख और अलग-अलग राज्यों में कुल 90 लाख का इनाम था। जबकि लोकेश पर छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र में 26 लाख का इनाम था। वहीं, गुरुवार को बीजापुर जिले के माटवाड़ा-कुटरू सड़क पर माओवादियों के लगाए IED की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया। इस दौरान पुलिस-नक्सलियों के बीच फायरिंग भी हुई। इसके अलावा, पामेड़ के उड़तामल्ला के जंगल में बने नक्सली स्मारक को जवानों ने ध्वस्त कर दिया है। पहले देखिए ये 3 तस्वीरें- अब जानिए मोहला-मानपुर में कैसे हुई मुठभेड़ जानकारी के मुताबिक, बुधवार (13 अगस्त) को जिला पुलिस बल और ITBP की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। कांकेर से सपोर्टिंग टीम मौके पर थी, तभी उत्तर बस्तर कांकेर की सीमा से सटे बंडा पहाड़ पर शाम करीब 5 बजे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी फायरिंग की। भारी बारिश के बावजूद जवानों ने ऑपरेशन जारी रखा। दोनों तरफ से लगातार गोलीबारी हुई। सर्चिंग के दौरान दोनों के शव बरामद हुए। यह बंडा पहाड़ 2004-05 में नक्सलियों का प्रमुख ठिकाना था। बंडा पहाड़ पर छुपकर रह रहे थे नक्सली मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के SP यशपाल सिंह ने बताया कि, विजय रेड्डी और लोकेश सलामे एके-47 हथियार लेकर चलते थे। ये दोनों कांकेर जिले के कई इलाकों में लंबे समय से सक्रिय थे। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण दोनों नक्सली पहले अबूझमाड़ के बॉर्डर चले गए थे। वहां भी दबाव बढ़ने पर कांकेर जिले की सीमा से लगे मानपुर जिले के बंडा पहाड़ पर शरण ली थी। मानपुर पुलिस को लोकेशन मिलने पर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) टीम ने कार्रवाई की। विजय के खिलाफ 37 अपराध दर्ज थे। जबकि लोकेश पर पर 26 अपराध दर्ज थे। घटनास्थल से एक इंसास राइफल, एक 303 राइफल, कारतूस और रेडियो बरामद किया गया है। बीजापुर में IED ब्लास्ट में जवान जख्मी इधर, बीजापुर जिले के माटवाड़ा-कुटरू सड़क पर नक्सलियों के लगाए IED की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया। गुरुवार (14 अगस्त) को इंद्रावती एरिया में एंटी नक्सल ऑपरेशन के लिए DRG की टीम बाइक और पिकअप से निकली थी। इस दौरान पुलिस-नक्सलियों के बीच फायरिंग भी हुई। मामला जांगला थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि, घायल जवान की हालत खतरे से बाहर है। उसे भैरमगढ़ CHC में प्राथमिक इलाज के लिए लाया गया। पुलिस पार्टी को निशाना बनाने के मकसद से नक्सलियों ने ब्लास्ट किया है। बैकअप पार्टियां मौके के लिए रवाना हो गई है। संयुक्त टीमें अभियान पर निकली थी वहीं, पामेड़ थाना इलाके के उड़तामल्ला के जंगल में बने नक्सलियों स्मारक को जवानों ने ध्वस्त कर दिया गया। गुरुवार सुबह कोबरा 208, केरिपु 228 और सुकमा जिले की कोबरा 203 की संयुक्त टीमें अभियान पर निकली थी। बड़े चट्टानों के बीच छिपाकर रखा विस्फोटक-हथियार जवानों ने घटनास्थल से भरमार बंदूक, बीजीएल राउंड, रॉड, बीजीएल पार्ट्स, विस्फोटक निर्माण सामग्री (PEK, यूरिया, इलेक्ट्रिक वायर), एन्युएशन पोच, कई आकार के प्रेशर कुकर (10 लीटर, 5 लीटर, 3 लीटर), आरी ब्लेड, स्पीकर बरामद किया है l 6 अगस्त को 1 नक्सली हुआ था ढेर इससे पहले, बीजापुर जिले में 6 अगस्त को जवानों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को ढेर किया था। मारे गए नक्सली का शव और हथियार बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि फोर्स ने नक्सलियों को घेर कर रखा था। वहीं बीजापुर में एनकाउंटर के डर से एक महिला नक्सली समेत 9 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। 9 नक्सलियों में से 6 नक्सलियों पर 24 लाख रुपए का इनाम घोषित था। लगातार बड़े नक्सली लीडर मारे जा रहे शाह का दावा- 2026 तक खत्म कर देंगे नक्सलवाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगस्त 2024 और दिसंबर 2024 में छत्तीसगढ़ के रायपुर और जगदलपुर आए थे। वे यहां अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग मंचों से नक्सलियों को चेताते हुए कहा था कि हथियार डाल दें। हिंसा करोगे तो हमारे जवान निपटेंगे। वहीं उन्होंने एक डेडलाइन भी जारी की थी कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा। शाह के डेडलाइन जारी करने के बाद से बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन काफी तेज हो गए हैं। ……………………………. नक्सली मुठभेड़ से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. बीजापुर में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया:DRG-STF ने जंगल में नक्सलियों को घेरा, रुक-रुककर फायरिंग जारी, महिला समेत 9 नक्सलियों का सरेंडर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार को जवानों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को ढेर कर दिया है। मारे गए नक्सली का शव और हथियार बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि फोर्स ने नक्सलियों को घेर कर रखा है। दोपहर से रुक-रुककर फायरिंग जारी है। मामला गंगालूर थाना इलाके का है। पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *