बिलासपुर समेत छत्तीसगढ़ में शनिवार को कृष्ण जन्माष्टमी की धूम रहेगी। लोग घरों में बाल गोपाल की विशेष पूजा-आराधना करेंगे। वहीं, यादव समाज की ओर से भगवान कृष्ण की लीलाओं पर आधारित जीवंत झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। दूसरी तरफ शहर के गली-मोहल्लों में ग्वालों की टोलियां मटकी फोड़ने निकलेंगे। साथ ही मलखंभ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक कर भजन-कीर्तन किया जाएगा। जन्माष्टमी पर्व पर सुबह से लेकर रात तक घरों में भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा आराधना की जाएगी। हर घर में भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। घरों में लड्डू गोपाल के लिए पालना सजाई गई है। इस दौरान पूर दिन के साथ ही देर रात तक लोग भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन रहेंगे। श्याम खाटू मंदिर का सजा दरबार ज्वाली पुल के पास स्थित श्याम खाटू मंदिर में जन्माष्टमी पर्व पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शनिवार को मनाया जाएगा। इसके लिए श्याम खाटू का विशेष दरबार सजाया गया है। सुबह से विशेष पूजा आराधना के बाद दोपहर में भी भजन-कीर्तन और पूजन होगा। शनिवार की शाम 6 बजे से मंदिर परिसर में खाटू श्याम भगवान का भजन-कीर्तन होगा। यहां रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद देर रात भक्तिमय माहौल रहेगा। वेंकटेश मंदिर में होगी विशेष पूजा-आराधना वेंकटेश मंदिर के व्यवस्थापक और ज्योतिषाचार्य कौशलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि, वेंकटेश मंदिर में शनिवार को कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सुबह 5 बजे जब भगवान जागेंगे, तब स्थापन आरती कर आराधना की जाएगी। इसके बाद अर्चना की जाएगी। शुक्रवार होने की वजह से भगवान का महाभिषेक किया जाएगा और नूतन वस्त्र धारण कराकर विशेष श्रृंगार होगा। शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक भजन-कीर्तन उन्होंने बताया कि शाम छह बजे भगवान को झूले पर बैठाया जाएगा। इसके बाद से रात 12 बजे तक भजन-कीर्तन किया जाएगा। मंदिर परिसर को कृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए सजाया संवारा जा रहा है। मंदिर में झूला लगाकर विशेष साज-सज्जा की गई है। 12 बजे रात्रि भगवान का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। स्त्रोत पाठ, तुलसी अर्चना के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। हरदेवलाल मंदिर में सज रही आकर्षक झांकी गोंडपारा स्थित हरदेवलाल मंदिर के सामने श्रीकृष्ण भगवान की पूजा अर्चना के लिए दुकानें सज गई है। यहां शनिवार को जन्माष्टमी उत्सव का शुभारंभ सुबह 7 बजे से होगा। पूजन के बाद भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर में भगवान के लिए फूलों से झूला सजाया जा रहा है। इसके साथ ही राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी भी सजाई गई है। भजन-कीर्तन का भी आयोजन होगा। इसी तरह तिलक नगर स्थित श्रीराम मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, मसानगंज के पंचमुखी हनुमान मंदिर सहित शहर के मंदिरों में कृष्ण जन्मोत्सव मनाने की तैयारी चल रही है। सर्व यादव समाज की निकलेगी भव्य शोभायात्रा कला, संस्कृति की धरोहर बिलासपुर में पिछले 18 साल से सर्व यादव समाज अपनी परंपरा के अनुसार कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मना रहा है। इस अवसर पर शनिवार की दोपहर 12 बजे शोभायात्रा लालबहादूर शास्त्री स्कूल मैदान से निकाली जाएगी, जो गोलबाजार, सदरबाजार, देवकीनंदन चौक होते हुए नेहरु चौक, बृहस्पति बाजार स्थित स्व. बीआर यादव की प्रतिमा स्थल होते हुए लखीराम ऑडिटोरियम पहुंचेगी। इस दौरान आमसभा के बाद शोभायात्रा का समापन होगा। शोभायात्रा में विविध प्रकार की झांकियां सहित डीजे, धुमाल, रावत नाच दल, करमा, भजन मंडली आदि शामिल होंगे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों में विष्णु यादव, रामचंद यादव, शैलेंद्र यादव, धनु यादव, अमित यादव, अनिल यादव, गौरीशंकर यादव इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं। जगह-जगह मटकी फोड़ने निकलेगी टोलियां इस दौरान गली, मोहल्लों में मटकी फोड़ का आयोजन होगा, जिसमें ग्वालों की टोलियां गाजे-बाजे के साथ निकलेगी। वहीं, कृष्ण सज्जा प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। डीजे की धुन पर गोविंदा आला रे के साथ नाचते-गाते युवक मटकी फोड़ते नजर आएंगे। गोलबाजार में मलखंभ प्रतियोगिता कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर गोलबाजार में करीब 20 फीट ऊंचे पोल पर मटकी बांधकर फोड़ी जाएगी। इस प्रतियोगिता के विजेता को नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह शाम को जगह-जगह मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जो देर रात तक चलेगा। भक्त कंवर रामनगर सिंधी कॉलोनी, करोना चौक और तिफरा में भी मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। खाटू श्याम में लगेगा 56 भोग घोंघा बाबा मंदिर में भगवान को कोलकाता के फूलों से सजाया जाएगा। इस दौरान श्याम खाटू का राजश्री श्रृंगार किया जाएगा। और 56 भोग लगेगा। यहां सुबह से लेकर दोपहर के साथ ही रात तक पूजा आराधना का दौर चलेगा। मंदिर में तैयार हुई 51 किलो पंजीरी, आज भक्तों में बंटेगी शहर के प्राचीन व्यंकटेश मंदिर में नागपंचमी से झूला उत्सव चल रहा है। भगवान प्रतिदिन अलग-अलग रूप में दर्शन देंगे। प्रतिदिन भगवान को शास्त्रीय संगीत सुनाया जा रहा है। खीर-पूड़ी खिलाकर और लोरी सुनाकर सुलाया जा रहा है। जन्माष्टमी पर सुबह 5 बजे से भगवान का विशेषअभिषेक किया जाएगा। इस दौरान भजन-कीर्तन कर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की जाएगी। यहां भक्तों को प्रसाद बांटने के लिए 30 छात्रों ने मिलकर 51 किलो पंजरी खुद तैयार किया है। देर रात भगवान का अवतरण के बाद विशेष आराधना के साथ मंगलगीतों का पाठ किया जाएगा और फिर महाआरती के बाद पंजरी का प्रसाद वितरण किया जाएगा।
बिलासपुर में आज रहेगी कृष्ण जन्माष्टमी की धूम:जीवंत झांकियों के साथ निकलेगी शोभायात्रा, मटकी फोड़ने निकलेगी टोलियां, मलखंभ का भी आयोजन

















Leave a Reply