छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार शाम अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों मृतकों के शवों को मर्चुरी में रखा गया है। जिनका पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह किया जाएगा। तालगांव के पास हादसा, गजानंद की मौके पर मौत पहली घटना बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार शाम करीब 4 बजे बालोद-रानीमाई रोड पर तालगांव के पास हुई। ग्राम सिवनी निवासी गजानंद ढीमर (32) अपने साथी गगन कुंजाम (23) के साथ बाइक से लौट रहे थे। तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गजानंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गगन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बाइक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक गजानंद बढ़ई का काम करता था और हाल ही में किश्तों पर नई बाइक खरीदी थी। उसकी पत्नी से कुछ वर्ष पहले तलाक हो चुका था। वह अपने दो मासूम बच्चों का अकेला सहारा था। पिता नहीं हैं, मां के साथ रहता था। मानपुर-मोहला रोड पर हाइवा की टक्कर से मौत दूसरी घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के मानपुर-मोहला मुख्य मार्ग पर ग्राम हितकसा के पास शाम करीब 4.30 बजे हुई। ग्राम कोसमी (खड़गांव) निवासी दरबार सिंह गंजीर (37) बाइक से शेरपार की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दरबार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सिर वाहन के पहिये के नीचे आने से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवाया है और अज्ञात हाइवा की तलाश शुरू कर दी है।
बालोद में दो सड़क हादसे, दो की मौत, एक गंभीर:एक युवक ने पांच महीने पहले खरीदी थी बाइक,दोस्त को घुमाने ले गया था मंदिर

















Leave a Reply