रामानुजगंज में 65 फीट रावण दहन:विजयादशमी उत्सव में 15,000 से अधिक लोग हुए शामिल

रामानुजगंज में विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। नगर के हाई स्कूल मैदान में 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया, जिसे देखने के लिए 15,000 से अधिक नगरवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया गया। रावण दहन कार्यक्रम उत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। इस दौरान भव्य आतिशबाजी, भजन संध्या और धार्मिक प्रवचन आयोजित किए गए। महामंडलेश्वर स्वामी परमात्मानंद गिरी महाराज की उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक रूप दिया। दशहरा अपने भीतर की बुराइयों को खत्म करने का संदेश रावण दहन के माध्यम से असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया। स्वामी परमात्मानंद गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि दशहरा केवल रावण के पुतले को जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने अंदर के अहंकार, क्रोध और लोभ जैसी बुराइयों को पराजित करने का भी प्रतीक है। उन्होंने हिंदू राष्ट्र की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए बताया कि इसका उद्देश्य किसी विशेष संप्रदाय का वर्चस्व स्थापित करना नहीं, बल्कि धर्म और संस्कृति की रक्षा करना है। कार्यक्रम के संयोजक और नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन विगत कई वर्षों से सागर मोती फाउंडेशन के तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। उन्होंने भारी संख्या में उपस्थित जनसमूह को ऐतिहासिक बताते हुए सभी नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर सामाजिक समरसता और सद्भावना का संदेश देने के लिए 20 से अधिक समाज के प्रमुखों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह पहल समाज को एकजुट रखने और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का प्रतीक बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *