CM विष्णु देव साय की अध्यक्षता में एसपी कॉन्फ्रेंस शुरू:3 घंटे तक सीएम करेंगे पुलिस कप्तानों के काम की समीक्षा;वन-अफसरों से भी करेंगे चर्चा

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार 12 अक्टूबर से तीन दिवसीय समीक्षा कर रहे हैं। 12 अक्टूबर के दिन सीएम साय ने कलेक्टरों के काम की समीक्षा की और उन्हें दिशा निर्देश जारी किए है। सोमवार 13 अप्रैल को सीएम साय प्रदेश के पुलिस अधीक्षकों के कामों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में महानदी भवन स्थित नवीन सभागृह में एसपी कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है। प्रदेश भर के पुलिस कप्तानों के काम की समीक्षा करने के बाद सीएम साय डीएफओ से भी चर्चा करेंगे। खुफिया विभाग के कार्यों की समीक्षा भी पुलिस कप्तानों की कॉन्फ्रेंस की शुरुआत सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक एसपी कॉन्फ्रेंस से होगी। इस दौरान कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, अपराधियों की रोकथाम और सुरक्षा योजनाओं पर गहन चर्चा होगी। पिछले कुछ सालों में राज्य में साइबर क्राइम की घटनाओं में वृद्धि हुई है, इसलिए इस पर रोकथाम और नए उपायों पर भी विशेष रूप से विचार किया जाएगा। इसके साथ ही खुफिया विभाग के कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। ये है बैठक का उद्देश्य एसपी कॉन्फ्रेंस में डीजीपी अरुणदेव गौतम के साथ-साथ राज्य के कई जिलों के आईजी और एसपी भी शामिल होंगे। अधिकारियों को अपने क्षेत्र में किए गए प्रयासों, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी साझा करने का अवसर मिलेगा। बैठक का उद्देश्य राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना और अपराध नियंत्रण के उपायों को प्रभावी बनाना है। डीएफओ कॉन्फ्रेंस दोपहर 2 बजे से होगी शुरू एसपी कॉन्फ्रेंस के बाद एक घंटे का ब्रेक होगा और फिर डीएफओ कॉन्फ्रेंस दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें वनमंडलाधिकारी और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस सत्र में वन विभाग की योजनाओं, वन्यजीव संरक्षण, संसाधनों का प्रबंधन और क्षेत्रीय वन नीतियों की समीक्षा की जाएगी। शासन संवाद कार्यक्रम का आयोजन 4.15 बजे से कॉन्फ्रेंस के समापन अवसर पर सुशासन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 4.15 बजे से 7.30 बजे तक चलेगा। इसमें अधिकारियों और नीति निर्धारकों के बीच संवाद, सुझाव और अनुभव साझा किए जाएंगे। मुख्यमंत्री साय ने इस कांफ्रेंस को राज्य में सुशासन और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बताया है। कल 9 घंटे हुई थी कलेक्टरों से चर्चा सीएम साय ने रविवार 12 अक्टूबर को लगभग 9 घंटे तक प्रदेश भर के कलेक्टरों के काम की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने दिशा-निर्देश जारी किए थे। शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वाले अफसरों को सीएम ने फटकार लगाई थी। जिन अफसरों ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर अच्छा काम किया है, उनकी तारीफ भी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *