कोंडागांव पुलिस ने दो साइबर ठग पकड़े:BMW बाइक जब्त, 72 लाख से अधिक के अवैध लेनदेन का खुलासा

कोण्डागांव पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है। इनके खातों से 72 लाख रुपये से अधिक का अवैध लेनदेन सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों से एक BMW बाइक, कई मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामान जब्त किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान परमेश मरकाम (21 वर्ष), निवासी रांधना देवहरदुली, थाना फरसगांव, जिला कोंडागांव और दसरू कांगे (18 वर्ष), निवासी चांदाबेड़ा, थाना बड़े डोंगर, जिला कोंडागांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 लाख रुपये की एक BMW बाइक, 40,000 रुपये का सैमसंग लैपटॉप, 1.70 लाख रुपये के दो आईफोन, 1.30 लाख रुपये का सैमसंग अल्ट्रा मोबाइल, 30,000 रुपये का मोटोरोला मोबाइल और 30,000 रुपये का वीवो मोबाइल जब्त किया है। इसके अतिरिक्त, 7 सिलपैड, 9 पासबुक, 3 चेक बुक और 13 एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये है। आरोपियों के बैंक अकाउंट से 72 लाख का अवैध लेनदेन यह मामला गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम पोर्टल (14C MHA) के माध्यम से कोंडागांव साइबर सेल को मिली धोखाधड़ी की शिकायतों के बाद सामने आया। शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कोंडागांव शाखा के खाता संख्या 5660383552 से देशभर के 41 अलग-अलग स्थानों से कुल 72,09,424 रुपये का अवैध लेनदेन किया गया था। पहले दो आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी इस खाते का संचालन पहले रविकांत साहू और चंद्रशेखर नायक नामक दो व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा था, जिन्हें पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आगे की जांच में परमेश मरकाम और दसरू कांगे का नाम सामने आया, जिन्होंने कम समय में अधिक धन कमाने के लालच में म्यूल अकाउंट का उपयोग कर अवैध लेनदेन किए। पुलिस की विशेष टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने अवैध धन से BMW बाइक और महंगे मोबाइल फोन खरीदे थे। आरोपियों को 23 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश साइबर सेल द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह देशभर में सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *