12 घंटे के भीतर छत्तीसगढ़ महतारी की नई प्रतिमा लगाई, मूर्ति तोड़ने वाला भी गिरफ्तार

तेलीबांधा वीआईपी तिराहा में स्थापित 4 फीट ऊंची छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने वाले मानसिक रोगी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे सोया हुआ मिला, जहां से उसे सोमवार की सुबह पकड़ लिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इधर, प्रतिमा टूटने की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम ने 12 घंटे के भीतर ही नई प्रतिमा स्थापित कर दी है। रातभर मूर्ति लगाने और सौंदर्यीकरण का काम चलता रहा। सुबह 5-6 बजे मूर्ति स्थापित की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी मनोज कुर्रे (26) रायगढ़ जिले के पुसौर का निवासी है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। करीब एक माह पहले उसका इलाज रांची में कराया गया था। वापसी के दौरान वह ट्रेन से भाग गया और रायपुर पहुंच गया। तब से वह वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर के पास रह रहा था। वहीं भोजन करता और सोता था। 23 अक्टूबर की सुबह उसने अचानक मूर्ति तोड़नी शुरू कर दी। दो ऑटो चालकों ने उसे रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और पूरी मूर्ति तोड़ दी। इसके बाद वहीं सो गया। तब मचा हंगामा 26 अक्टूबर की सुबह जब लोगों की नजर टूटी मूर्ति पर पड़ी और फोटो-वीडियो वायरल हुआ, तो हंगामा मच गया। विभिन्न संगठनों के लोग वहां प्रदर्शन के लिए पहुंच गए। मन किया तो तोड़ दिया, छेड़खानी पर ऑटो चालक ने टोका था पुलिस पूछताछ में मनोज ने कहा कि मेरा मन किया, इसलिए मूर्ति तोड़ दी। उसने यह भी बताया कि वह टूटी हुई मूर्ति के पास ही सोता था। इस दौरान उसका कई लोगों से विवाद भी हुआ। दो ऑटो चालकों ने बताया कि मनोज कुछ दिनों से मूर्ति के पास ही रह रहा था। वह मूर्ति से छेड़छाड़ करता था। कई बार उसे टोका गया, लेकिन वह गुस्सा होकर दौड़ाने लगा। पहले उसने प्रतिमा का हाथ तोड़ा, फिर बाकी हिस्सा भी तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *