Advertisement

नक्सलियों के खिलाफ AI का होगा इस्तेमाल…अगला टारगेट हिड़मा:दो राज्यों की बॉर्डर पर घेरकर मारेंगे जवान, मोस्ट-वांटेड की लिस्ट में मुपल्ला-तिरुपति समेत 43 नक्सली

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे का फैसला लिया है। इसके बाद नक्सलियों के खिलाफ छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना के अफसरों ने नक्सल ऑपरेशन तेज कर दी है। हिड़मा समेत 43 नक्सली मोस्ट वांटेड की लिस्ट में हैं। नक्सलियों के खिलाफ AI तकनीकी का इस्तेमाल कर ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। नक्सल प्रभावित राज्यों के अधिकारियों को अभियान के दौरान एक दूसरे को गोपनीय सूचना दी जाएगी। एनकाउंटर के दौरान बॉर्डर पर दोनों तरफ से नक्सलियों को घेरने और उनको ढेर करने को कहा गया है। केंद्रीय अधिकारियों ने नक्सल प्रभावित राज्यों के अफसरों को बड़े लीडर्स को टारगेट कर मारने कहा है। सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में फोर्स का अब अगला टारगेट हिड़मा सहित कई वांटेड नक्सली है। नया रायपुर में साढ़े 3 घंटे चली बैठक दरअसल, नया रायपुर के निजी रिसॉर्ट में शुक्रवार को साढ़े 3 घंटे बैठक हुई। जिसमें केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी चीफ तपन कुमार डेका, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना के डीजीपी CRPF, BSF, ITBP के शीर्ष अधिकारी, IB, NIA के निदेशक और राज्यों के गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। ऑपरेशन को बनाया जाएगा इंटेलिजेंस बेस अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों के खिलाफ चलाए जाने वाले ऑपरेशनों को पूरी तरह इंटेलिजेंस बेस्ड बनाने पर जोर दिया जा रहा है। आईबी की खुफिया रिपोर्ट्स के आधार पर फोर्स को मूव किया जाएगा। जिससे जंगलों और सीमावर्ती इलाके में छिपे नक्सलियों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके। इसके अलावा, नक्सल प्रभावित राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और समय पर सूचनाएं देने के लिए प्रणाली विकसित करने पर भी चर्चा हो रही है। अधिकारियों का मानना है कि यदि यह तंत्र मजबूत हो जाए, तो नक्सली किसी भी क्षेत्र में सुरक्षित ठिकाना नहीं बना पाएंगे। जवानों को दिया जाएगा प्रशिक्षण सूत्रों के अनुसार, फोर्स और जवान नक्सलियों के खिलाफ तकनीकी का इस्तेमाल कर सके, इसलिए उनको प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में (AI) आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर अपराध, नार्को-आतंकवाद, सामान्य युद्ध, फील्ड क्राफ्ट और रणनीति, आतंकरोधी, मानवाधिकार और कानून-व्यवस्था में उच्च दक्षता प्रदान की जाएगी। जवानों को हाईटेक इक्विपमेंट भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ये वांटेड नक्सली फोर्स के टारगेट में लाल आतंक के खात्मे के लिए 43 नक्सलियों को मोस्ट वांटेड की लिस्ट में शामिल किया गया है। इसमें छत्तीसगढ़ से 25 नक्सली, तेलंगाना से 4, आंध्रप्रदेश से 5, कर्नाटक से 2, ओडिशा से 3 और झारखंड से 4 नक्सली लीडर्स शामिल हैं। मोस्ट वांटेड नक्सल लिस्ट में मुपल्ला लक्ष्मण राव, मलोजुल्ला, मिशिर बेसरा, माड़वी हिड़मा और थिप्पारी तिरुपति समेत 43 नक्सली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *