Advertisement

छत्तीसगढ़ के राजवीर सिंह ने रचा इतिहास, Lakmé Fashion Week में बने राज्य के पहले पुरुष मॉडल

बैकुंठपुर के रहने वाले राजवीर सिंह ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर देश के प्रतिष्ठित फैशन मंच Lakmé Fashion Week तक पहुंचकर इतिहास रच दिया है। वे छत्तीसगढ़ के पहले ऐसे पुरुष मॉडल बन गए हैं, जिन्होंने इस बड़े मंच पर रैंप वॉक कर राज्य का नाम रोशन किया है।

राजवीर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बैकुंठपुर के सेंट जोसेफ स्कूल और केंद्रीय विद्यालय से पूरी की। इसके बाद वे कोटा और फिर भिलाई में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने पहुंचे। हालांकि, उनका मन शुरू से ही मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में था, जिसके चलते करीब दो साल पहले वे अपने सपनों को साकार करने मुंबई चले गए।

हाल ही में आयोजित Lakmé Fashion Week में राजवीर ने 20 तारीख को मशहूर डिजाइनर पायल प्रताप के लिए रैंप वॉक किया। वहीं 21 तारीख को उन्होंने डिजाइनर अनुराग गुप्ता के ‘नेक्सा स्पॉटलाइट शो’ की ओपनिंग कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। किसी भी फैशन शो की ओपनिंग करना बेहद सम्मानजनक और जिम्मेदारी भरा अवसर माना जाता है।

राजवीर का यह सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने बताया कि इस मंच तक पहुंचने के लिए हजारों मॉडल्स कड़ी प्रतिस्पर्धा से गुजरते हैं। बीच में कई मुश्किलें भी आईं, यहां तक कि उन्हें एक मॉडलिंग एजेंसी भी छोड़नी पड़ी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य पर डटे रहे।

अपनी सफलता का श्रेय राजवीर अपने परिवार और ईश्वर को देते हैं। उनका कहना है कि छोटे शहरों के युवाओं के लिए वे एक उदाहरण बनना चाहते हैं, ताकि वे भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला जुटा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *