क्रिकेट के मैदान पर एक विस्फोटक बल्लेबाज ने ताबड़तोड़ चौके और छक्के बरसाते हुए एक वनडे क्लब मैच में तिहरा शतक ठोक दिया था. क्रिकेट की दुनिया के इस बड़े अजूबे के बारे में जानकर फैंस के होश तक उड़ जाएंगे. आज हम बात करेंगे ऐसे बल्लेबाज की, जिसने वनडे क्रिकेट (50-50 ओवर फॉर्मेट मैच) में तिहरा शतक जड़कर प्रचंड रिकॉर्ड बना दिया था.
वनडे क्लब मैच में तिहरे शतक का रिकॉर्ड
भारतीय मूल के एक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने वनडे क्रिकेट (50-50 ओवर फॉर्मेट मैच) में तिहरा शतक जड़ते हुए 141 गेंदों पर 314 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी. यह क्रिकेटर और कोई नहीं बल्कि हरजस सिंह हैं. भारत से गहरा नाता रखने वाले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर हरजस सिंह ने 4 अक्टूबर 2025 को ‘वनडे क्रिकेट’ यानी 50-50 ओवर फॉर्मेट में तिहरा शतक ठोक दिया था. न्यू साउथ वेल्स प्रीमियर फर्स्ट ग्रेड क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत खेले गए इस 50-50 ओवर फॉर्मेट के मैच में हरजस सिंह ने 141 गेंद पर 314 रन बनाए. हरजस सिंह ने अपनी इस पारी के दौरान 35 छक्के और 12 चौके जड़ दिए.
141 गेंद पर बनाए 314 रन
हरजस सिंह इस मैच में वेस्टर्न सबर्ब्स की ओर से खेल रहे थे और उनके सामने सिडनी क्रिकेट क्लब के गेंदबाज थे. न्यू साउथ वेल्स प्रीमियर क्रिकेट टूर्नामेंट में वेस्टर्न सबर्ब्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. वेस्टर्न सबर्ब्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 483 रन बना डाले. हरजस सिंह ने इस दौरान अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 141 गेंद पर 314 रन बनाए. मजे की बात ये रही कि हरसज सिंह ने अपनी 314 रनों की पारी में 252 रन केवल बाउंड्री से बना डाले. हरजस सिंह अंडर 19 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान चर्चा में आए थे. हरजस सिंह की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. ICC अंडर 19 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में हरजस सिंह ने भारत के खिलाफ 64 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली थी.
भारत से गहरा नाता
हरजस सिंह ऑस्ट्रेलिया के लिए क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन वह भारतीय मूल के हैं. हरजस सिंह अगर जल्द ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखाई दें तो किसी को भी हैरानी नहीं होगी. ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर हरजस सिंह का भारत से गहरा नाता रहा है. हरजस सिंह का जन्म साल 2005 में सिडनी में हुआ था. हरजस सिंह का परिवार साल 2000 में चंडीगढ़ से सिडनी आ गया था. हरजस सिंह के पिता ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े हैं. हरजस सिंह साल 2015 में भारत आए थे. हरजस सिंह के मुताबिक उनका परिवार चंडीगढ़ और अमृतसर में रहता है.







Leave a Reply