घंटों परेशान होते रहे यात्री, भाजयुमो के नए प्रदेशाध्यक्ष भी फंसे, सुबह 8.30 बजे आने वाली दिल्ली की फ्लाइट 10.30 बजे आई, कोलकाता फ्लाइट 11.43 बजे पहुंची राजधानी में बुधवार को खराब मौसम की वजह से दिल्ली से रायपुर आने वाली फ्लाइट को भुवनेश्वर डायवर्ट करना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। यात्रियों को करीब दो घंटे तक फ्लाइट में बिठाने के बावजूद उन्हें खाने के लिए कुछ भी नहीं दिया गया। इस बात को लेकर यात्रियों और फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर के बीच बहस भी हुई। इसी फ्लाइट में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नए प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरीहा भी फंसे रहे। उन्हें एयरपोर्ट से रिसीव करने के लिए बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता विमानतल परिसर में डटे रहे। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट कर्मचारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर-दिल्ली फ्लाइट (एआई 2793) अपने तय समय में दिल्ली से सुबह 5.34 को उड़ान भरकर 8.30 बजे के आसपास रायपुर पहुंच गई थी। लेकिन एयरपोर्ट के ऊपर काफी घने बादल छाए थे। विजिबिलिटी बेहद कम होने की वजह से पायलट को विमान लैंड कराने में परेशानी हो रही थी। हवा में एक-दो चक्कर काटने के बाद पायलट विमान को भुवनेश्वर ले गया। करीब दो घंटे के बाद मौसम ठीक होने पर विमान को भुवनेश्वर से रायपुर लाया गया और सुबह करीब 10.36 को विमान रायपुर में लैंड कर पाया। विमान में करीब 164 यात्री सवार थे। बता दें कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब की स्थिति निर्मित होने के कारण ही राज्यभर का मौसम पिछले दो दिनों से खराब है। बस्तर संभाग में लगातार भारी बारिश हो रही है। वहीं रायपुर के आस-पास के क्षेत्र में भी मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी हुई है। बुधवार सुबह भी मौसम साफ नहीं था। इस वजह से पहले एयर इंडिया और बाद में इंडिगो एयरलाइंस के विमान को भुवनेश्वर भेजना पड़ा। यात्रियों ने मांगा नाश्ता, क्रू मेंबरों ने नहीं दिया तो हंगामा
यात्रियों ने बताया कि विमान के भुवनेश्वर में लैंड करने के बाद किसी को भी विमान से बाहर जाने नहीं दिया गया। रायपुर के लिए उड़ान भरने तक सभी को फ्लाइट में ही रखा गया। इस वजह से यात्रियों को भूख लगी थी। क्योंकि सभी अलसुबह दिल्ली से सवार हुए थे। ऐसे में यात्रियों ने क्रू मेंबरों से सुबह का नाश्ता मांगा। लेकिन फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबरों ने नाश्ता देने से इंकार कर दिया। इस विवाद भी हुआ। खराब मौसम में कोलकाता से आ रही फ्लाइट भी फंसी
एयर इंडिया की दिल्ली फ्लाइट की तरह इंडिगो एयरलाइंस की रायपुर-कोलकाता फ्लाइट (6ई669) को भी भुवनेश्वर डायवर्ट करना पड़ा। इस फ्लाइट को कोलकाता से उड़ान भरकर सुबह 8 बजे के आसपास रायपुर आ जाना था, लेकिन भुवनेश्वर डायवर्ट करना पड़ा। दोपहर 11.43 बजे यह फ्लाइट रायपुर वापस आई। एयरपोर्ट पर एयरलाइंस के कर्मचारियों के साथ बहस भी हुई। कुछ यात्रियों ने हंगामा भी किया।
खराब मौसम:एयरपोर्ट पर घने बादल होने से रायपुर की दो फ्लाइट भुवनेश्वर डायवर्ट हुई

















Leave a Reply