रायपुर : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से मिली बड़ी राहत

तीन किलोवाट सोलर रूफटॉप से रोशन हुआ घर

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप प्रत्येक घर को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह योजना न केवल आम नागरिकों को बिजली बिल के बोझ से राहत प्रदान कर रही है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इसी क्रम में शिक्षक नगर, मुंगेली निवासी श्री अवधेश शुक्ला ने अपने आवास की छत पर तीन किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर योजना का लाभ लिया है। सोलर संयंत्र स्थापना से पूर्व उन्हें प्रतिमाह अधिक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। बढ़ती बिजली दरों को देखते हुए उन्होंने शासन द्वारा संचालित सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया।

तीन किलोवाट का सोलर सिस्टम चालू होने के बाद उनके घर की अधिकांश बिजली आवश्यकता सौर ऊर्जा से पूरी होने लगी है। इसके परिणामस्वरूप उनके मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। श्री अवधेश शुक्ला ने इस योजना के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरल प्रक्रिया, अनुदान और जागरूकता के कारण आम नागरिक भी अब सौर ऊर्जा जैसी आधुनिक तकनीक को सहजता से अपना पा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने पर केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा एक किलोवाट पर 45 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट क्षमता पर 1 लाख 08 हजार रुपये की सब्सिडी दिए जाने से आमजन के लिए सोलर पैनल स्थापित कराना और अधिक सुगम हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *