रायपुर, 22 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं प्रख्यात बांस वादक श्री विक्रम यादव के परिजनों से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके समुचित उपचार और हरसंभव सहयोग के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रतिबद्ध है तथा इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में राजनांदगांव कलेक्टर से भी दूरभाष पर चर्चा कर श्री विक्रम यादव के उपचार की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता के अनुरूप सभी जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतिनिधि हैं। उन्होंने अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भारतीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने श्री विक्रम यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट बांस वादन कला के लिए प्रसिद्ध श्री विक्रम यादव वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में जारी है।