छत्तीसगढ़ कैडर की IAS डॉ. प्रियंका शुक्ला बनीं ‘मेरा युवा भारत’ की पहली CEO, युवाओं के नेतृत्व को मिलेगी नई दिशा

छत्तीसगढ़ कैडर की 2009 बैच की IAS अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने प्रशासनिक सेवा में एक नया इतिहास रच दिया है। उन्हें भारत सरकार के प्रमुख युवा मंच ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ की पहली मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा स्वीकृत की गई है और यह तीन वर्ष की प्रतिनियुक्ति के लिए होगी।

उत्तर प्रदेश में जन्मीं डॉ. प्रियंका शुक्ला मूल रूप से एक प्रशिक्षित चिकित्सक हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ से MBBS की पढ़ाई पूरी की और करियर की शुरुआत वंचित व ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा से की। जनसेवा के दौरान एक महिला द्वारा पूछा गया सवाल – “क्या आप कलेक्टर हैं?” – उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट बना। इसी अनुभव ने उन्हें सिविल सेवा की ओर प्रेरित किया और उन्होंने दूसरे प्रयास में वर्ष 2009 में UPSC सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की।

एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में डॉ. शुक्ला जन-केंद्रित कार्यशैली और त्वरित निर्णय क्षमता के लिए जानी जाती हैं। वे जशपुर और कांकेर की जिला कलेक्टर रह चुकी हैं। जशपुर में उन्होंने शिक्षा सुधार के लिए ‘यशस्वी जशपुर’ पहल शुरू की। इसके अलावा वे आयुक्त-सह-संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ रहीं और राज्य स्तर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का नेतृत्व भी किया। मतदाता जागरूकता के लिए ‘जशपुर – एक प्रण’ जैसे अभियानों में भी उनकी अहम भूमिका रही।

उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें मनरेगा के प्रभावी क्रियान्वयन का राष्ट्रीय पुरस्कार, राष्ट्रीय साक्षरता पुरस्कार, तथा जनगणना के लिए राष्ट्रपति रजत पदक जैसे सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

प्रशासन के साथ-साथ डॉ. प्रियंका शुक्ला कला-संस्कृति से भी गहरा जुड़ाव रखती हैं। उन्हें नृत्य, चित्रकला, संगीत और कविता में विशेष रुचि है और वे सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को प्रेरक संदेश भी देती रहती हैं।

अब ‘विकसित भारत 2047’ के विज़न के साथ, डॉ. प्रियंका शुक्ला ‘मेरा युवा भारत’ के माध्यम से देश के करोड़ों युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित और मार्गदर्शन करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *