15वीं नेशनल सब जू. ब्वॉयज हॉकी स्पर्धा 28 से:सब जूनियर टीम के लिए सलेक्शन ट्रायल में 115 खिलाड़ी हुए शामिल

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव छत्तीसगढ़ हॉकी की सब जूनियर बालक टीम के लिए एक दिवसीय चयन स्पर्धा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में आयोजित की गई। आयोजन छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी के मार्गदर्शन में हुआ। स्पर्धा में राज्य के मान्यता प्राप्त जिलों और संस्थानों से 115 बालक खिलाड़ियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि 15वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर बालक हॉकी चैंपियनशिप 28 जुलाई से 8 अगस्त तक चेन्नई में होगी। इसके लिए राज्य की संभावित टीम के 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयन ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर यह चयन हुआ। चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में चल रहा है। छत्तीसगढ़ टीम अपना पहला मुकाबला 28 जुलाई को गोवा हॉकी के खिलाफ खेलेगी। चयन स्पर्धा में फिरोज अंसारी के साथ एनआईएस हॉकी कोच अनुराज श्रीवास्तव, साई के कोच परमजीत सिंह, दुर्ग के सचिव जहांगीर खान, खेलो इंडिया सेंटर कोच शकील अहमद, रायपुर हॉकी अकादमी की कोच रश्मि सांध्य एक्का, प्रहलाद तांडी, विष्णु यादव और बस्तर के कोच कार्तिक यादव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *