बैज बोले- CG में 2500 गायों की मौत,5 लाख गायब:भाजपा राज में यूपी-महाराष्ट्र के स्लॉटर-हाउस भेजे जा रहे गाय, बृजमोहन बोले-हम नीति बना रहे

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले पौने दो साल में छत्तीसगढ़ से करीब 5 लाख गौवंश गायब हो गए हैं। लगभग 2500 गायें भूख, हादसे और जहरीला पदार्थ खाने से मारी गईं। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को समौदा, कल्लू और खरोरा जाकर गायों की स्थिति जायजा लेना चाहिए। बैज ने कहा कि, भाजपा राज में गायों को यूपी और महाराष्ट्र के स्लॉटर हाउस भेजा जा रहा है। भाजपा खुद को गौ-रक्षक बताती है, लेकिन मोदी सरकार के समय भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया है। जिससे हर साल 4.3 अरब डॉलर कमाए जा रहे हैं। बैज ने रायपुर के राजीव भवन में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह बातें कहीं। वहीं इस पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, पहले कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं को जो मार रही है, उसकी जांच कर ले। कांग्रेस ने गौठानों के नाम से लूट मचाई और भ्रष्टाचार किया। अब विष्णुदेव साय की सरकार नीति बना रही है। उस नीति के आधार पर गायों का संरक्षण किया जाएगा। गायब 5 लाख गौवंश पर सरकार स्पष्टीकरण दे दीपक बैज ने कहा कि, भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार की गौठान और गोबर खरीदी योजना बंद कर दी। जिससे चारे-पानी के अभाव में बड़ी संख्या में गौवंश की मौत हो रही है। कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि, प्रदेश से गायब 5 लाख गौवंश पर सरकार स्पष्टीकरण दे। 2023 के पहले के सभी 10,800 गौठान फिर से शुरू की जाए। गौठानों में चारे-पानी की सुरक्षित व्यवस्था की जाए। 3 दिनों में प्रदेश में 40 से अधिक गायों की मौत के मामले सामने आए है। कांग्रेस ने अभी तक गायों की मौत को लेकर कमेटियां बनाई है। उनकी रिपोर्ट और कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव वालों से चर्चा कर जानकारी एकत्रित की वह बहुत ही चौंकाने वाली है। दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। प्रदेश में करीब 850 गाय सड़क हादसों में कुचली गईं। 1200 से अधिक भूख से मर गईं। 200 से ज्यादा जहरीला पदार्थ खाने से जान गंवा बैठीं। गो-अभ्यारण्य और गौ-धाम बनाने की घोषणा सिर्फ दिखावा पीसीसी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि, भाजपा शासन में गौ-अभ्यारण्य और गौ-धाम बनाने की घोषणा सिर्फ दिखावा है। जमीनी स्तर पर कुछ नहीं हुआ। हर पशु प्रतिदिन 10 रुपए चारा मद का प्रावधान किया गया, लेकिन उससे कोई व्यवस्था संभव नहीं है। …………………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… रायपुर के समोदा गौठान में 18 गायों की मौत:विकास उपाध्याय बोले- गोवंश के शव चील-कौवे नोच रहे, भाजपा सरकार में गोवंश सुरक्षित नहीं रायपुर के समोदा गांव के गौठान में गायों की मौत के मामले में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जांच करने पहुंची। इस दौरान समिति के संयोजक विकास उपाध्याय, समिति के सदस्य, छाया वर्मा, कन्हैया अग्रवाल, प्रमोद दुबे, उधव राम वर्मा, कोमल साहू जांच रिपोर्ट बनाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को सौंपेंगे। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *