Advertisement

बलरामपुर में संगठन सृजन के लिए पहुंचे कांग्रेस पर्यवेक्षक:अध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी, कल भी ब्लॉकों में पहुंचेंगे पर्यवेक्षक, अध्यक्ष के कई दावेदार

बलरामपुर जिले में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत पर्यवेक्षक दल गुरुवार को बलरामपुर जिले में पहुंचा। पर्यवेक्षकों ने रघुनाथपुर, वाड्रफनगर, रामानुजगंज एवं बलरामपुर में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की और कांग्रेस के संभावित अध्यक्ष के दावेदारों के नामों पर चर्चा की। बलरामपुर में वर्तमान जिलाध्यक्ष केपी सिंहदेव सहित कई दावेदार हैं। बलरामपुर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष तय करने एआईसीसी द्वारा पर्यवेक्षक बनाए गए महाराष्ट्र के विधायक विकास ठाकरे सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक द्वारकाधीश यादव, विधायक खल्लारी और छन्नी साहू, पूर्व विधायक खुज्जी (राजनांदगांव) गुरुवार को बलरामपुर पहुंचे। इससे पहले 16 अक्टूबर को पहले पर्यवेक्षक रघुनाथनगर ब्लॉक में पहुंचे थे, जहां उन्होंने बैठक ली। इसके बाद वे वाड्रफनगर पहुंचे और वहां भी बैठक की। अब यह पर्यवेक्षक दल रामानुजगंज की ओर रवाना हो गया है। दूसरे दिन भी जारी रहेगी रायशुमारी
गुरुवार को रामानुजगंज और बलरामपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। पर्यवेक्षक शुक्रवार को स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे। इसके बाद वे राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी और चांदो ब्लॉकों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के दावेदारों के नामों पर रायशुमारी करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार
बलरामपुर जिला कांग्रेस कमेटी के कई दावेदारों के नाम सामने आए हैं। वर्तमान में बलरामपुर जिले के कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जवाबदेही केपी सिंहदेव संभाल रहे हैं। वे पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं। छह माह पूर्व ही उन्हें अध्यक्ष बनाया गया है। केपी सिंहदेव के अलावा अध्यक्ष पद के दावेदारों में वाड्रफनगर के हरिहर यादव, रामानुजगंज से अजय गुप्ता, राजपुर से जिला प्रवक्ता सुनील सिंह, कुसमी से हरीश मिश्रा, चांदो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद अब्दुला, जिला महामंत्री जितेंद्र गुप्ता सहित अन्य दावेदार शामिल हैं। बलरामपुर जिला संगठन में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव की खासी पैठ है। दावेदारों में अधिकांश टीएस सिंहदेव के समर्थक और करीबी हैं। माना जा रहा है कि बलरामपुर जिले में जिलाध्यक्ष फिर से टीएस सिंहदेव की पसंद का होगा। छह नामों का बनेगा पैनल
बलरामपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पर्यवेक्षक विकास ठाकरे ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए छह नामों का पैनल भेजा जाएगा। अध्यक्ष वही होगा, जिसके नाम का समर्थन सर्वाधिक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *