गणेश-विसर्जन में DJ पर नाचते-नाचते बेहोश होकर गिरा बच्चा,मौत:हार्ट-अटैक की आशंका, अस्पताल में डॉक्टर नहीं थे, स्टाफ ने बदतमीजी की,तो लोगों ने किया हंगामा

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गणेश विसर्जन के दौरान डीजे पर नाचते समय एक नाबालिग बेहोश हो गया। उसे अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। डीजे की तेज आवाज में हार्ट अटैक आने की आशंका है। वहीं, अस्पताल में डॉक्टर नहीं रहने और बदतमीजी करने का आरोप लगा लोगों ने हंगामा किया। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, राजपुर के महुआ-पारा निवासी प्रवीण गुप्ता (15) शनिवार को गणेश पंडालों में पूजा में व्यस्त था। शाम को वो विसर्जन में शामिल हुआ। डीजे की तेज आवाज के बीच प्रवीण डांस कर रहा था। अचानक उसे बेचैनी होने लगी और जमीन पर गिर गया। उसे सांस लेने में दिक्कत होने पर दोस्तों ने सीना दबाकर पंप भी किया। हॉस्पिटल में नहीं थे डॉक्टर, लोगों ने किया हंगामा जब प्रवीण गुप्ता को पुलिस वाहन से लेकर लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचे, तो डॉक्टर नहीं थे। लोगों ने तत्काल डॉक्टर को बुलाने को कहा तो हॉस्पिटल के स्टाफ ने लोगों के साथ बदतमीजी से बात की। करीब 20 मिनट लेट से डॉक्टर हॉस्पिटल में पहुंचे। उन्होंने जांच के बाद प्रवीण गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। हॉस्पिटल में डॉक्टर की गैर मौजूदगी और बदतमीजी को लेकर भड़के लोगों ने हंगामा कर दिया। इस मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम देवेंद्र प्रधान और थानेदार भारद्वाज सिंह हॉस्पिटल पहुंचे। लोगों को शांत कराया। लोगों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसे तत्काल हटाने की मांग की। हार्ट अटैक की आशंका प्रवीण गुप्ता स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 8वीं में पढ़ाई करता था। उसके पिता विकास गुप्ता उर्फ विक्की ठेकेदारी करते हैं। प्रवीण के दोस्तों के अनुसार, वो दिनभर गणेश पंडालों में व्यस्त था। शाम को उसने एनर्जी डिंक पी थी। आशंका है कि डीजे की तेज आवाज के कारण उसे हार्ट अटैक आया होगा। बता दें कि, बलरामपुर जिले में डीजे प्रतिबंधित नहीं किया गया था। जिस कारण तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। …………………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… छत्तीसगढ़ गणेश विसर्जन…रायपुर की कई सड़कें ब्लॉक:राउत-नाचा धुन में थिरके भक्त, देशभक्ति थीम पर बप्पा की विदाई, मुस्लिम युवकों ने भी खींचा गणेश रथ छत्तीसगढ़ में रात 8 बजे से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया है। रायपुर में भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए निगम ने छोटी-बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग-अलग तालाब और अस्थायी कुंड तैयार किए हैं। वहीं, महादेव घाट में सिर्फ बड़ी मूर्तियों का विसर्जन हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *