अंतागढ़ में हाथी ने रात में घर पर किया हमला:बच्चों संग सो रही महिला और पति ने भागकर बचाई जान, साइकिल को कुचला

छत्तीसगढ़ के अंतागढ़ के घुरसीमुंडा में एक हाथी ने रात साढ़े 10 बजे घर पर हमला कर दिया। सुनती बाई मंडावी अपनी तीन बेटियों और एक बेटे के साथ घर में सो रही थी। हाथी की आवाज सुनकर वे बच्चों के साथ घर के बाहर सो रहे पति मुरहाराम मंडावी की तरफ भागी। फिर पूरा परिवार दूसरे घरों की ओर भाग गया। हाथी ने अपनी दिशा बदल ली, जिससे सभी सुरक्षित रहे। इससे एक दिन पहले शाम 4 बजे यह हाथी सांसद के निवास इलाके कढ़ाई खोदरा में पहुंचा था। वन विभाग की टीम निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति साइकिल लेकर हाथी के पास पहुंच गया। वन विभाग ने उसे सावधान किया, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। हाथी की दहाड़ सुनकर साइकिल सवार घबरा गया। हाथी दौड़ने लगा। ग्रामीण साइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हाथी ने साइकिल को कुचल दिया। वन परिक्षेत्र अधिकारी बिरेंद्र यादव ने बताया कि साइकिल सवार की तलाश की जा रही है। अभी तक उससे मुलाकात नहीं हो पाई है। इसलिए उसकी पहचान नहीं हो सकी है। टीम हाथी पर नजर रखने में जुटी है। हाथी के आगे बढ़ने के बाद उस व्यक्ति से बात की जाएगी। पंचनामा तैयार करने के बाद दे पाएंगे पूरी जानकारी वन परिक्षेत्र अधिकारी बीरेंद्र यादव ने बताया कि हाथी की निगरानी के लिए तीन टीमें लगातार काम कर रही हैं। हाथी से जुड़ी घटनाओं को रिकॉर्ड किया गया है, लेकिन अब तक पंचनामा नहीं बन पाया है। उन्होंने कहा कि पंचनामा तैयार होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमले के समय घर में कौन-कौन मौजूद था। चर्रे मर्रे पहाड़ के नीचे मंडरा रहा है हाथी वन परिक्षेत्र अधिकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे एक दंतैल हाथी चर्रे मर्रे पहाड़ के नीचे घूम रहा था। वह बार-बार घाट के ऊपर चढ़ता और नीचे उतरता रहा, जिससे निगरानी दल अलर्ट हो गया। इसी दौरान रात करीब 9 से 10 बजे हाथी अचानक दिशा बदलते हुए घुरसीमुंडा गांव पहुंच गया और एक घर पर हमला कर दिया। हमले के तुरंत बाद निगरानी दल मौके पर पहुंचा, तब तक हाथी जंगल की ओर लौट चुका था। वन विभाग की टीम अब भी इलाके में अलर्ट है। मंगलवार को भी हाथी मलमेटा के पास घूमते देखा गया है। अधिकारी लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *