छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों की संख्या लगातार बढ़ते जा रही है। जहां हाथियों का दल हर रात किसी न किसी गांव पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा हैं। इस बार हाथियों ने अलग-अलग रेंज के गांव में 32 किसानों की फसल को बर्बाद किया है। साथ ही एक मकान की दीवार को भी ढहा दिया। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल का है। शुक्रवार (12 सितंबर) रात हाथियों का दल जंगल से निकलकर खेतों तक पहुंचा। जहां लैलूंगा वन परिक्षेत्र के सागरपाली गांव में 6 किसानों के धान की फसल को रौंदकर खराब कर दिया। वहीं, हाथी के पैर के नीचे आने से एक ग्रामीण बाल-बाल बच गया। टमाटर और धान की फसल चौपट वहीं हाथियों ने बाकरूमा रेंज के रैरूमा में 5 किसानों टमाटर और धान की फसल को चौपट करने समेत एक मकान की दीवार को ढहा दिया। छाल के लोटान में 1 और पुरूंगा में 3 किसानों के फसल को नुकसान किया। बोरो रेंज के चाल्हा में 1, घोंचल में 5, धरमजयगढ़ के आमापाली में 1 और मेढरमार में 6 किसानों के फसलों को रौंदा है। इसके अलावा रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के डेहरीडीह में विचरण कर रहे 48 हाथियों का दल डेहरीडीह में 4 किसानों के फसल को नुकसान कर छाल रेंज में चला गया। रात में हाथियों का दल रोड पर आया शनिवार (13 सितंबर) रात तकरीबन 8 बजे लैलूंगा रेंज के झगरपुर में बीच सड़क 34 हाथियों का दल आ गया। जब इसकी जानकारी वन अमले को लगी तो SDO समेत वनकर्मी और हाथी मित्र दल यहां पहुंच गए। दोनों ओर से आने-जाने वाली गाड़ियों को रोका गया। ताकि हाथी दल आसानी से रोड पार कर सके। काफी देर बाद हाथियों का दल यहां से पार हुआ। जिले में 170 हाथियों की मौजूदगी जानकारी के मुताबिक, जिले के दो वन मंडल में 170 हाथियों का दल मौजूद है। जिसमें धरमजयगढ़ वन मंडल में 153 हाथी हैं और रायगढ़ वन मंडल में 17 हाथियों की मौजूदगी है। इन दलों में नर 49, मादा 73 और शावकों की संख्या 48 है। कुछ हाथियों का दल कापू रेंज के जंगल से निकलकर सरगुजा वन मंडल में चले गया है। हाथी मित्र दल और वनकर्मियों ने बचाई जान 12 सितंबर की रात हाथी मित्र दल और वनकर्मियों को सूचना मिली कि 48 हाथी का दल घरघोड़ा परिक्षेत्र की ओर से देउरमार की ओर आ रहा है। जिसके बाद गश्त टीम तुरंत वहां पहुंची। ग्राम देउरमार में ग्रामीणों की भीड़ हाथियों को शोर मचाकर कर जंगल की तरफ भगाने का प्रयास कर रही थी। तब टीम ने ग्रामवासियों को समझाया कि ऐसा न करते हुए सभी अपने घर जाए। तभी अचानक हाथियों के दल में से एक हाथी उग्र होते हुए वापस मुड़कर ग्रामीणों की ओर दौड़ पड़ा। जिसे ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे। इसी भागदौड़ में पवन कुमार राठिया (21 साल) जमीन पर गिर गया। हाथी उसके पास पहुंचने ही वाला था कि गश्त टीम ने वाहन से हूटर बजाते हुए उसके हाथी के पास तक पहुंच गए। जिससे हाथी ने पवन कुमार पर हमला न कर वापस जंगल की ओर चले गया और वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। गांव में कराई गई मुनादी लैलूंगा सबडिवीजन SDO मकरलाल सिदार ने बताया कि हाथियों ने रात में धान फसल को नुकसान किया है। एक मकान की दीवार को भी क्षतिग्रस्त किया है। जिसका आकलन किया जा रहा है। रात में झगरपुर रोड पर हाथी का दल आ गया था। दोनों ओर से आने-जाने वाले लोगों को रोककर हाथियों का रोड क्रॉस कराया गया। हाथियों की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। प्रभावित गांव में मुनादी करा दी गई है।
रायगढ़ में हाथियों ने 32 किसानों की फसल को रौंदा:मकान की दीवार ढहाई, बाल-बाल बचा ग्रामीण; जिले में 170 हाथियों की मौजूदगी

















Leave a Reply