छत्तीसगढ़ कांग्रेस आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी वर्गों पर फोकस कर रही है। संगठन सृजन कार्यक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस में भी बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के सहयोग के लिए कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की तैयारी चल रही है। इसमें एक ओबीसी या सामान्य और एक एससी को अध्यक्ष बनाया जा सकता है। दरअसल हाल ही में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। इस दौरान एससी वर्ग से आने वाले गुरु खुशवंत साहेब को मंत्री बनाया गया है जबकि पहले ही इस समाज के एक मंत्री सरकार में शामिल हैं। इसके अलावा ओबीसी मंत्रियों की संख्या भी काफी अधिक है। ऐसे में कांग्रेस कमेटी भी कार्यकारी अध्यक्ष पद पर इस वर्ग के नेताओं की नियुक्ति कर सकती है। ज्ञात हो कि कुछ माह पहले ही प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चा तेज हुई थी लेकिन इस पर विराम लग गया और माना जा रहा है कि अभी बैज अपने पद पर बने रहेंगे लेकिन इसके साथ ही दो नए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। इसमें जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण का ध्यान रखा जाएगा। बताया गया है कि पूर्व में भी कांग्रेस में दो कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं। कार्यकारी अध्यक्ष के फार्मूले से जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण साधने की तैयारी प्रदेश में ओबीसी समुदाय भी एक बड़ा वोट बैंक है। कांग्रेस अगर सत्ता में वापसी चाहती है, तो इस वर्ग को भी मजबूत प्रतिनिधित्व देना जरूरी होगा। कार्यकारी अध्यक्ष के दूसरे पद पर किसी ओबीसी नेता की नियुक्ति से कांग्रेस को राजनीतिक संतुलन साधने में मदद मिलेगी। वहीं एससी समुदाय पर भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों का फोकस है। हाल ही में भाजपा ने भी अपनी सरकार में एससी समुदाय के दूसरे मंत्री को अपनी कैबिनेट में जगह दी है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष भी होगा नया प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी के विस्तार के साथ ही मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की नियुक्तियां भी की जाएंगी। इसमें सबसे महत्वपूर्ण महिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद भी होगा। चूंकि विपक्ष में होने के बाद भी लगभग 18 महीने में जिस तरह से महिला कांग्रेस निष्किय नजर आई उसे देखते हुए किसी तेज तर्रार महिला नेत्री को पद दिए जाने की चर्चा है।
30 सितंबर तक पूरा होगा संगठन सृजन बताया गया है कि बूथ और मंडल के साथ ही ब्लॉक स्तर पर संगठन सृजन कार्यक्रम को 30 सितंबर तक पूरा करने का टारगेट दिया गया है। कांग्रेस लगातार इस दिशा में काम भी कर रही है। चूंकि जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी संगठन सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत किया जाना है ऐसे में इन नियुक्तियों के साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष की भी घोषणा की जा सकती है। भूपेश नेतृत्व करें-चौबे, बैज बोले-चौबे जी महाज्ञानी हैं छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चा को वरिष्ठ कांग्रेस नेता रविंद्र चौबे ने फिर से हवा दे दी है। चौबे ने कहा कि ‘कांग्रेस का नेतृत्व भूपेश बघेल करें, यह जनता की इच्छा है। अगली लड़ाई भाजपा की सरकार के कुशासन और मोदी की गारंटी से होनी है। यह ताकत सिर्फ भूपेश बघेल में है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के लिए संघर्ष किया है। पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कोई आवाज उठा रहा है, तो वह भूपेश हैं।’ इस पर मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि चौबे जी महाज्ञानी वरिष्ठ नेता हैं। अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो यह उनका निजी बयान है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि कांग्रेस कलेक्टिव लीडरशिप के साथ जनहित के मुद्दों पर ही लड़ाई लड़कर दोबारा सरकार बनाएगी।
आगामी चुनाव को देखते हुए सभी वर्गों पर फोकस:छत्तीसगढ़ कांग्रेस में दो कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की तैयारी, एससी व ओबीसी पर फोकस

















Leave a Reply