जब से महापौर बनी हूं, मुझसे भगवान ज्यादा खुश हैं। कुछ लोग कह रहे कि मेयर ध्यान नहीं दे रही है, लेकिन भगवान से मेरी सेटिंग ही नहीं हो पाई है। इसलिए बोल नहीं पा रही कि ज्यादा बारिश मत कराओ। भगवान मेरी नहीं सुन रहे हैं। यह कहना है कि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बीजेपी महापौर मंजूषा भगत का। शहर के वार्डों में बारिश के कारण जलभराव के बाद रविवार को निरीक्षण करने पहुंची थी, तब उन्होंने यह बयान दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर कांग्रेस का कहना है कि, मेयर अपनी असफलता पर बहानेबाजी कर रही हैं। यह बेतुका बयान है। बारिश से निचले इलाके में जल भराव दरअसल, अंबिकापुर शहर के वार्डों में लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति है। बारिश का पानी घरों में घुस रहा है। सड़काें पर पानी जमा हो रहा है। रविवार को बारिश के बाद अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी आवास में भी पानी भर गया। जिसे निकालने के लिए मोटर और टैंकर लगाना पड़ा। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव के कारण परेशान होना पड़ रहा है। यह देखने के लिए रविवार को महापौर मंजूषा भगत अपने पार्षदों के साथ वार्डों में पहुंची थी। महापौर बोलीं- भगवान से सेटिंग नहीं हो रही अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत ने वार्ड क्रमांक 22 और 23 का निरीक्षण किया, जहां बारिश के बाद पानी भर जाता है। सड़कों के अलावा घरों में भी पानी घुस जाता है। हालांकि जब महापौर निरीक्षण में पहुंची, स्थिति सामान्य थी। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि, लगता है कि मेरे महापौर बनने के बाद भगवान खुश हैं। लगातार बारिश करा रहे हैं। भगवान से मेरी सेटिंग ही नहीं हो पा रही है कि मैं कह सकूं कि अब बहुत हुआ, बारिश रोक दीजिए। नाले में बना पुल का घटिया निर्माण हुआ महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि, पुल में इंजीनियरिंग ने ध्यान नहीं रखा। इसलिए यह खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। महापौर ने कहा कि, वे पुल निर्माण की जांच कराएंगी। घटिया काम करने वाले ठेकेदार और अफसरों पर कार्रवाई होगी। असफलता पर बहानेबाजी कर रही महापौर- कांग्रेस कांग्रेस के जिला प्रवक्ता आशीष वर्मा ने कहा कि, निगम ने बारिश से पहले तैयारी नहीं की थी। मेयर अपनी अक्षमता पर बहानेबाजी कर रही हैं। यह बेतुका बयान है। नगर निगम नाली निर्माण, सड़क मरम्मत के कार्यों का टेंडर इसलिए कैंसिल कर रही है कि भाजपाइयों को टेंडर नहीं मिल पाया। उन्हें शहरवासियों की समस्या से लेना देना नहीं है। सड़क और नाली का टेंडर निरस्त करने पर विवाद बता दें कि, अंबिकापुर में 23 जुलाई को सड़क मरम्मत, नाली निर्माण और सीसी सड़कों का टेंडर निरस्त कर दिया गया है। इसे लेकर कांग्रेस सत्तासीन भाजपा पर हमलावर है। कांग्रेस का आरोप है कि, निचली बस्तियों के साथ सड़कों पर पानी भर जा रहा है, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए टेंडर को निरस्त किया गया है। …………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… अंबिकापुर निगम ने 3.34 करोड़ का टेंडर किया निरस्त:सड़क मरम्मत और नाली-निर्माण के लिए था टेंडर, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी अंबिकापुर निगम ने सड़क सुधार, सीसी सड़क और नाली निर्माण समेत अन्य कामों के लिए 26 टेंडर आमंत्रित किया था। आज टेंडर फॉर्म जमा करने के अंतिम दिन निगम आयुक्त ने टेंडर को निरस्त कर दिया है। 3 करोड़ 34 लाख रुपए के विकास कार्यों का टेंडर निरस्त करने को लेकर निगम नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, एक सप्ताह में शहर की सड़कें नहीं सुधरी तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। पढ़ें पूरी खबर…
मेयर मंजूषा बोलीं-भगवान से मेरी सेटिंग नहीं हो पा रही:वरना बोलती अंबिकापुर में ज्यादा बारिश मत कराओ, कांग्रेस बोली-असफलता पर बहानेबाजी, यह बेतुका बयान

















Leave a Reply