2027 में होने वाली जनगणना का प्री-टेस्ट रायपुर नगर निगम के डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड-52 से शुरू होगा। यहां 8 हजार मकानों-भवनों में नंबरिंग का काम पूरा हो गया है। 5 नवंबर से जनगणना शुरू होगी। यह एक तरह से जनगणना का पूर्वाभ्यास है। इससे पता चलेगा कि असल में जनगणना होने के दौरान क्या-क्या दिक्कतें आ सकती है। इसलिए समस्याओं के निराकरण के तरीके पहले से निकाले जाएंगे। प्री-टेस्ट के लिए भारत सरकार के जनगणना निदेशालय ने छत्तीसगढ़ प्रदेश से रायपुर नगर निगम के जोन-10 में आने वाले डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड को चुना है। रायपुर नगर निगम के जोन-10 के अधिकारी-कर्मचारी और जनगणना निदेशालय के अफसर इस टेस्ट को अंजाम देंगे। जनगणना में आर्थिक, सामाजिक, मानवीय सहित विभिन्न तरह की गणना की जाती है। वृहद पैमाने पर होने वाली इस जनगणना के लिए पूर्व तैयारी किया जाना आवश्यक होता है। इसलिए भारत सरकार की ओर से जनगणना का प्री-टेस्ट किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय के लिए रायपुर नगर निगम के जोन-10 के वार्ड नंबर 52 को चुना गया है। इस वार्ड में 8 हजार मकान और भवन हैं। जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे ने बताया कि भवनों-मकानों की नंबरिंग के बाद अब प्रत्येक 180 से 200 भवनों के बीच एक प्रगणक ब्लॉक तैयार किया जाएगा। शनिवार को जनगणना निदेशालय के अधिकारी प्रदीप साव, हीरेंद्र सिन्हा और दीपक कुशवाहा ने बैठक लेकर जनगणना की तैयारियों की समीक्षा की। जोन कमिश्नर दुबे ने बताया कि जनगणना टेस्ट में शामिल कर्मचारियों की ट्रेनिंग कराई जाएगी। इस ट्रेनिंग के बाद उन्हें एक मोबाइल एप दिया जाएगा। इस मोबाइल एप में जनगणना से संबंधित सभी एंट्री की जाएगी। इसके तहत मकान या भवन की जानकारी, परिवार के सदस्यों की जानकारी, सभी की उम्र, व्यवसाय, शिक्षा, बुनियादी सुविधाएं, वर्ग, आर्थिक स्थिति, वाहनों की संख्या सहित कई तरह की जानकारी ली जाएगी। टेस्ट में पता चल जाएंगी खामियां
जोन कमिश्नर विनेकानंद दुबे ने बताया कि इस प्री जनगणना टेस्ट का उद्देश्य 2027 में होने वाली असल जनगणना के समय आने वाली दिक्कतों और खामियों का पूर्व अनुमान लगाना है। टेस्ट से पता चल जाएगा कि क्या-क्या दिक्कतें आ रही हैं और उसे किस तरह सुलझाया जा सकता है। ताकि वास्तवितक जनगणना के समय किसी तरह की परेशानी या दिक्कत ना हो। पुराने के साथ विकसित होने वाला वार्ड
रायपुर तेजी से विकसित हो रहा शहर है। पुराने शहर के साथ ही नई बसाहट भी तेजी से बढ़ रही है। इस वजह से जनगणना निदेशालय ने प्रदेश में रायपुर नगर निगम को चुना है। इसी तरह नगर निगम रायपुर के जोन-10 के डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड को भी चुना गया है। राजेंद्र नगर, लालपुर, देवपुरी आदि इलाके इस वार्ड में आते हैं। यह सबसे पुराना वार्ड है। इसके अलावा इस वार्ड में तेजी से नई कॉलोनियां भी बसती जा रही है। इस वार्ड में जहां एक तरफ बड़ी-बड़ी पॉश कालोनियां हैं, वहीं दूसरी तरफ झुग्गी बस्ती भी है। चार-पांच परिस्थितियां इस वार्ड में एक साथ मिल रही हैं। अन्य वार्डों में इतनी विविधता नहीं है।
2027 में होने वाली जनगणना का प्री-टेस्ट:जनगणना के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड में नंबरिंग पूरी, 5 नवंबर से काउंटिंग

















Leave a Reply