बिलासपुर में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से हर तरफ भक्ति मय माहौल देखने को मिला। अरपा नदी के तट पर 11 हजार दीयें जलाकर आरती की गई। इस दौरान लोगों ने नदी को संरक्षित करने का संकल्प भी लिया। आरती के बाद रिवर व्यू अरपा के जयकारों से गूंज उठा। 22 सितंबर की रात अरपा तट दीयों की रोशनी से जगमगा रहा था। इस आरती के ड्रोन VIDEO में शहर की सुंदरता देखते ही बन रही है। वहीं, आज से गरबा और रास डांडिया की धूम देखने को मिलेगी। सेलिब्रेटी संग युवा थिरकेंगे। नवरात्र पर्व पर इस बार रास डांडिया में शहरवासियों का खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार से अलग-अलग जगहों पर गरबा और डांडिया की धूम मचेगी। आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। अलग-अलग ट्रेडिशनल ड्रेस में पहुंचे लोग अरपा अर्पण महा अभियान समिति ने लोगों के मन में अरपा के प्रति प्रेम जगाने और उसे संवारने के लिए ये पहल की है। समिति सदस्यों की ओर से नवरात्र के पहले दिन हर साल अरपा मैया की आरती की जा रही है। 22 सितंबर की शाम रिवर व्यू रोड स्थित चौपाटी में हजारों दीये सजाकर आरती की गई। जिसमें शहर की युवतियों के साथ महिलाएं लाल-पीले सूट और साड़ियों में मौजूद रहीं। वहीं, युवक सफेद-लाल कुर्ता-धोती व पायजामा पहनकर पहुंचे। भक्तिमय गीतों से शुरू हुआ आयोजन इस दौरान लोग अपने-अपने हाथ पर दीये सजाकर रिवर रोड पहुंचे। यहां समिति की ओर से देवी गीतों का आयोजन किया गया। वहीं, गंगा आरती की तरह 11 वेद पाठी पंडित मंच पर विराजमान थे, जिन्होंने वैदिक मंत्रोचार के साथ 51 जोड़ा परिवारों और सदस्यों को विधि-विधान से पूजा अर्चना कराई। इससे रिवर व्यू रोड का माहौल भक्तिमय हो गया। अरपा के तट पर दीयों के साथ आकर्षक लाइटिंग का नजारा अरपा अर्पण महा अभियान समिति के संयोजक श्याम मोहन दुबे ने बताया कि भक्तिपूर्ण माहौल में समिति के लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी दीप जलाए। दूसरी तरफ अरपा तट पर आदर्श दुर्गाउत्सव व समिति के स्वर्ण जयंती के अवसर पर विशाल पंडाल बनाया गया है, जहां आकर्षक लाइटिंग से सजावट की गई है। इस आयोजन में हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। जिसके बाद करीब 35 मिनट तक बिना रुके श्रद्धालुओं ने अरपा मैया की महाआरती की। इस अवसर पर भक्तिमय वातावरण में अरपा मैया के जयकारे गूंजते रहे। आज से रास डांडिया और गरबे की धूम नवरात्रि के अवसर पर शहरवासी इस बार गरबा और डांडिया की धूम अलग ही अंदाज में मनाने जा रहे हैं। इस बार अरपा पार सरकंडा के साइंस कॉलेज में जलसा द डांडिया इवेंट का आयोजन किया गया है। यह आयोजन 23, 24 और 25 सितंबर को होगा। वहीं, 23 और 24 सितंबर को सेंट्रल पाइंट होटल में प्रजाराज्य ग्रुप की ओर से पंखिड़ा बिलासपुर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें एक्ट्रेस अवनीत कौर, मासूम शर्मा सहित अन्य सेलीब्रिटिज शामिल होंगी। इसके साथ ही गुजराती समाज का गरबा 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। समाज के अध्यक्ष केतन भाई सुतारिया ने बताया कि मां अंबे की मूर्ति स्थापना के साथ यहां हर वर्ष सभी वर्गों के लिए प्रतियोगिताएं होंगी। महिलाएं शो रस की प्रस्तुति देती हैं, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहता है। इसी तरह मित्र मंडल नेहरू नगर में गरबा में हर उम्र के लोग भाग लेते हैं। संयोजिका शुभांगी प्रीति गुप्ता ने बताया कि 23 सितंबर को आयोजन होगा। जिसमें छत्तीसगढ़ी गीतों पर गरबा किया जाएगा। सिंधी समाज का गरबा झूलेलाल मंगलम में होगा। यह आयोजन 27 व 28 सितंबर को शाम 7 से रात 10 बजे तक चलेगा। इसमें सिंधी व अन्य गीतों पर समाज के लोग गरबा करेंगे। इस दौरान बच्चों को सिंधी भाषा, संस्कृति की जानकारी भी दी जाएगी। सेलिब्रिटिज संग होगा गरबा और डांडिया जलसा द डांडिया इवेंट में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया शिरकत करने आ रही हैं। साथ ही तारक मेहता का परिवार से टप्पू, सोनू, गोली, गोगी, पिंकू, बाघा, बावरी, डॉक्टर हाथी, तारक मेहता, शरद सांकला (अब्दुल), सिंगर ट्विंकल साहू आदि शामिल होंगे। ऐसे में प्रशंसकों के लिए यह मौका बेहद खास होगा जब वे अपनी चहेते स्टार को लाइव देख पाएंगे। फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी खेल मैदान में 25 से 27 सितंबर तक रास-डांडिया का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया सहित कई फिल्मी कलाकार शहरवासियों के साथ डांडिया महोत्सव में शिरकत करेंगे। आयोजन स्थल पर आकर्षक लाइटिंग सजावट और अत्याधुनिक साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है। बॉलीवुड कलाकारों के गीत-संगीत और प्रस्तुतियों से तीनों दिन माहौल उत्सवमय रहेगा। बाहुबली और स्त्री- 2 में मिली लोकप्रियता तमन्ना भाटिया अपनी सुपरहिट फिल्मों और शानदार डांसिंग स्किल्स के लिए जानी जाती हैं। ‘बाहुबली’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म से लेकर हालिया फिल्मों ‘ओडेला 2’ और ‘स्त्री 2’ तक उनकी लोकप्रियता का ग्राफ लगातार बढ़ा है। आने वाले समय में भी वह कई बड़ी परियोजनाओं में नजर आने वाली हैं, जिनमें ‘सिकंदर का मुकद्दर’, ‘वनः फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ और वेब सीरीज ‘डू यू वॉन्ट पार्टनर’ शामिल है। किसी बड़े आयोजन में फ्री एंट्री नहीं नवरात्र पर गरबा और रास डांडिया जैसे बड़े आयोजनों में लोगों की फ्री एंट्री नहीं रहेगी। केवल पासधारियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। आयोजकों ने पास का रेट तय किया है, जिसमें कपल एंट्री एक हजार रुपए है। साइंस कॉलेज परिसर में बच्चों के मनोरंजन के लिए मिनी पार्क और टॉय पार्क जैसे विभिन्न प्रकार के खेल, बेहतर साउंड सिस्टम, आकर्षक लाइट इफेक्ट्स, एंकर, लजीज व्यंजन व आकर्षक डेकोरेशन आदि की व्यवस्था गई है। चुनरी यात्रा से पहले निकली शोभायात्रा शहर के गोंड़पारा स्थित आदर्श दुर्गोत्सव समिति का यह 50वां वर्ष है। यही वजह है कि समिति अपना स्वर्ण जयंती मना रहा है। इसलिए छत्तीसगढ़ के इतिहास में सबसे भव्य दुर्गोत्सव का आयोजन किया गया है। देवी मां के आगमन से पहले ही यहां हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ पहुंच रही है। 22 सितंबर की रात 1.5 किमी लंबा लेजर लाइट शो किया गया, जिससे अरपा तट व पंडाल का नजारा देखते ही बन रहा है। यह शो प्रतिदिन हर घंटे में चार बार 15-15 मिनट तक चलेगा। यहां बच्चों के लिए आनंद मेला लगा गया है। अरपा तट पर केदारनाथ, बद्रीनाथ, जगन्नाथपुरी और द्वारका धाम की के साथ–साथ भगवान शिव, नृसिंह अवतार और मां काली की भी झांकियां सजी हैं। सोमवार को झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। वहीं मंगलवार को 3.5 किमी लंबी चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे।
शारदीय नवरात्रि..11 हजार दीयों से अरपा की आरती:आकर्षक लाइटिंग से जगमगाया शहर; बिलासपुर में आज से रास डांडिया, सेलिब्रिटिज संग थिरकेंगे युवा

















Leave a Reply