Advertisement

13 अक्टूबर से होगी स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना:स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी हैं मतपेटियां; 24 अक्टूबर तक चलेगी वोटों की गिनती

छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल के चुनाव के लिए मतदान के बाद अब मतगणना की तैयारी चल रही है। मतपेटियों को स्टेट बार के दफ्तर में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। वोटों की गिनती 13 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक चलेगी, जिसके बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। सोमवार (6 अक्टूबर) को हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान स्टेट बार की तरफ से बताया गया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मतगणना की तैयारी की जा रही है। बार काउंसिल ने कोर्ट को बताया कि मतगणना 13 अक्टूबर से प्रारंभ होगी, जिसकी अधिसूचना 6 अक्टूबर को जारी की जा चुकी है। 6 सालों से नहीं हुआ था चुनाव दरअसल, पिछले 6 सालों से स्टेट बार काउंसिल का चुनाव नहीं कराया गया था, जिसके कारण अधिवक्ताओं के कल्याण से जुड़े कई काम रुके हुए थे। इसे लेकर हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसमें कहा गया था कि निर्वाचित पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण न तो अधिवक्ताओं के वेलफेयर फंड से संबंधित निर्णय लिए जा रहे हैं और न ही संगठनात्मक कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं। हाईकोर्ट ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बार काउंसिल आफ इंडिया (बीसीआई) और स्टेट बार काउंसिल (एसबीसी) दोनों को निर्देश दिया था कि वे चुनाव प्रक्रिया के लिए स्पष्ट गाइडलाइन तैयार कर कोर्ट में पेश करें। इसके मुताबिक पहले जारी नोटिफिकेशन में चुनाव की अवधि 180 दिन बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे घटाकर 45 दिन कर दिया गया, जिस पर अदालत ने सवाल उठाए थे। 17 नवंबर होगी केस की अगली सुनवाई स्टेट बार की ओर से कहा गया कि चुनाव के बाद मतगणना की प्रक्रिया जटिल और समय लेने वाली है, इसलिए इसे पूर्ण करने में करीब एक महीने का समय लग सकता है। इस पर हाईकोर्ट ने जानकारी दर्ज करते हुए मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर तय की है। 13 अक्टूबर से शुरू होगी वोटों की गिनती निर्वाचन अधिकारी ने 6 अक्टूबर को मतगणना के लिए अधिसूचना जारी की है, जिसके मुताबिक स्टेट बार काउंसिल में बने स्ट्रांग रूम में 13 अक्टूबर से वोटों की गिनती की जाएगी। मतगणना सुबह 10.30 से शाम बजे तक किया जाएगा, जो 19 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान गिनती पूरी नहीं होने पर 20 से 22 अक्टूबर तक दीपावली अवकाश रहेगा। फिर 24 अक्टूबर से मतगणना फिर शुरू होगी। मतगणना कार्य हाईकोर्ट परिसर स्थित स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में किया जाएगा। मतगणना की गंभीरता और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए विशेष टीम गठित की जा रही है। स्टेट बार के 25 सदस्यों के पदों की होगी वोटों की गिनती स्टेट बार काउंसिल के 25 पदों के लिए 105 वकील मैदान में थे। चुनाव के लिए 30 सितंबर को सुबह 9 बजे से वोटिंग हुई, जो शाम तक चलती रही। प्रदेश भर के वकीलों ने मतदान में हिस्सा लिया। लिहाजा, सभी जिलों से वोटिंग के बाद मतपेटियों को हाईकोर्ट परिसर स्थित कार्यालय के स्ट्रांग रूम में लाया गया। रिटायर्ड जज बनाए गए हैं मुख्य चुनाव अधिकारी बार काउंसिल आफ इंडिया ने पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक सुपरवाइजरी कमेटी बनाई है। इसके अध्यक्ष रिटायर्ड जज जस्टिस चंद्रभूषण बाजपेयी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बार काउंसिल के सचिव अमित वर्मा को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिनकी निगरानी में अब मतगणना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *