छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर थाना क्षेत्र के ग्राम पाठ में एक दुर्गा मंदिर से लाखों रुपए का सोने का हार चोरी हो गया है। यह घटना शुक्रवार रात 11 से 12 बजे के बीच हुई, जब मंदिर में कोई मौजूद नहीं था। इस वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। चोर अंधेरे और सुनसान माहौल का फायदा उठाकर मंदिर में घुसे और मां दुर्गा की प्रतिमा से कीमती हार चुरा ले गए। सुबह जब ग्रामीण पूजा करने पहुंचे, तो हार गायब देखकर हैरान रह गए। यह खबर फैलते ही सैकड़ों लोग मंदिर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दर्ज कराई शिकायत ग्रामीणों ने खुद चोरों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कोसीर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह हार सिर्फ गहना नहीं, बल्कि उनकी आस्था का प्रतीक था। उन्होंने जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और हार वापस लाने की मांग की है। पुलिस आसपास के इलाके में कर रही जांच कोसीर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाके में जांच कर रही है। अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए हर संभव कदम उठाने की बात कही है। त्योहार के समय ऐसी चोरी से लोगों में डर और गुस्सा है। ग्रामीणों ने इसे अपनी धार्मिक आस्था पर चोट बताया है और सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।
सारंगढ़ के दुर्गा मंदिर से लाखों का हार चोरी:ग्रामीण आक्रोशित, पुलिस जांच में जुटी, गिरफ्तारी की मांग





















Leave a Reply