बंगाल में सिस्टम एक्टिव…बस्तर में 5 दिन बारिश की चेतावनी:26 से पूरे छत्तीसगढ़ में बिजली गिरेगी, बौछारें पड़ेंगी; खड़ी फसलों को नुकसान का खतरा

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के जिलों में अगले पांच दिन तक बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और कांकेर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रहेगी। 26 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी गरज चमक के साथ बिजली गिर सकती है, बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में बारिश से धान की खड़ी फसलों को नुकसान का खतरा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के कारण प्रदेश में बारिश के हालात बन रहे हैं। अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। गुरुवार को अंबिकापुर जिले में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राजनांदगांव में दर्ज किया गया। बारिश की वजह से फसल पर असर अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में होने वाली बारिश का असर खेतों की खड़ी फसलों पर पड़ सकता है। जिन इलाकों में धान की कटाई हो चुकी है, लेकिन फसलें अभी खेतों में ही पड़ी हैं, वहां उनके खराब होने का खतरा बना रहेगा। अक्टूबर में अब तक 64% ज्यादा बरसा पानी इस बार अक्टूबर में अब तक सामान्य से 64% अधिक बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर 22 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 49.3 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार अब तक 80.7 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। बलरामपुर में सामान्य से 52% ज्यादा बारिश प्रदेश में अब तक 1167.4 मिमी औसत बारिश हुई है। बेमेतरा जिले में अब तक 524.5 मिमी पानी बरसा है, जो सामान्य से 50% कम है। अन्य जिलों जैसे बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास हुई है। जबकि बलरामपुर में 1520.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 52% ज्यादा है। ये आंकड़े 30 सितंबर तक के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *