जशपुर जिले के कुनकुरी नगर स्थित छठ घाट डेम में गुरुवार शाम डूबे एक युवक का शव 22 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ अंबिकापुर की टीम ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर एक घंटे के भीतर शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान कुनकुरी के तुरी बस्ती निवासी चुनू राम (25 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चुनू राम गुरुवार शाम करीब चार बजे अपने कुछ दोस्तों के साथ छठ घाट डेम में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। उसके साथी युवकों ने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और कुनकुरी पुलिस को घटना की सूचना दी। गोताखोरों ने खोज अभियान चलाया सूचना मिलते ही कुनकुरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा। शुरुआत में स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान चलाया गया। देर शाम जशपुर से डी.डी.आर.एफ. टीम भी बुलाई गई। टीम ने पूरी रात खोजबीन की, लेकिन पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण युवक का पता नहीं चल सका। टीम ने डेम के दूसरे छोर से युवक का शव बरामद किया स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एसडीआरएफ अंबिकापुर से पेशेवर डाइविंग टीम को बुलाया। यह टीम शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे कुनकुरी पहुंची। टीम ने पानी की गहराई और बहाव का वैज्ञानिक आकलन करने के बाद खोज अभियान शुरू किया। लगभग एक घंटे की कार्रवाई के बाद टीम ने डेम के दूसरे छोर से युवक का शव बरामद कर लिया। घटनास्थल पर सुबह से ही सैकड़ों ग्रामीण और नगरवासी जमा हो गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
22 घंटे बाद मिला डूबे युवक का शव:छठ घाट डेम में नहाते समय डूब गया था युवक, SDRF की टीम ने अगले दिन शव निकाला

















Leave a Reply