रातभर गांवों में डटी रही स्वास्थ्य टीम, घर-घर पहुंचकर की जांच; 1251 ग्रामीणों की हुई हेल्थ स्क्रीनिंग

रायपुर 07 मई । मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत अब स्वास्थ्य सेवाएं बीजापुर के अतिसंवेदनशील और नक्सल प्रभावित रहे इलाकों तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। विकासखंड बीजापुर अंतर्गत सेक्शन पीड़िया के आश्रित ग्राम पीड़िया, आंडरी एवं तमोड़ी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान चलाकर सुदूर अंचलों के ग्रामीणों का घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और संवेदनशील क्षेत्र होने के बावजूद स्वास्थ्य अमला गांवों में रात्रि होल्टिंग कर लगातार ग्रामीणों के बीच मौजूद रहा। टीम द्वारा टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया, कुष्ठ एवं एनसीडी (गैर संचारी रोग) जैसी बीमारियों की प्रारंभिक पहचान कर आवश्यक उपचार, दवाइयां एवं स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया। अभियान के दौरान ग्राम पीड़िया में 476, ग्राम आंडरी में 494 तथा ग्राम तमोड़ी में 281 ग्रामीणों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, पोषण एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


















Leave a Reply